Class 12 Hindi Important Questions-Kale Megha Pani Se Short Question Answer | काले मेघा पानी दे
Class 12 Hindi Important Questions-Kale Megha Pani De Short Question Answer | काले मेघा पानी दे |
Kale Megha Pani De -NCERT MOST IMPORTANT QUESTION ANSWERS
काले मेघा पानी दे (धर्मवीर भारती)
प्रश्न - लोगों ने लड़कों की टोली को मेंढक मंडली नाम किस आधार पर दिया ? यह टोली अपने आपको इंदर सेना कहकर क्यों बुलाती थी ?
उत्तर-लड़के समूह में एकत्रित होकर नंगे शरीर उछलते-कूदते तथा अत्यधिक शोर-शराबा करते हुए गलियों में कीचड़ करते हुए घूमते थे। ये गलियों में इधर-उधर दौड़ा करते थे इसी आधार पर लोगों ने लड़कों को मेंढक मंडली नाम दे दिया था। यह टोली अपने आपको इंदर सेना इसलिए कहकर पुकारती थी क्योंकि यह सूखे की स्थिति से छुटकारा पाने के लिए लोक-आस्था के कारण इंद्र महाराज को खुश करने के लिए ऐसा कार्य करती थी। इनका मानना था कि हमारे इसी कार्य से प्रसन्न होकर इंद्र देवता काले बादल लेकर वर्षा करेंगे जिससे गाँव, शहर खेत खलिहान खिल उठेंगे।
प्रश्न - जीजी ने इंदर सेना पर पानी फेंके जाने को किस तरह सही ठहराया ?
उत्तर - जीजी ने कहा कि यदि हम इंदर सेना पर पानी नहीं फेंकेगे तो इंद्र भगवान् हमें पानी कैसे देंगे ? यह पानी की बर्बादी नहीं है बल्कि यह तो पानी का दान है जिसे हम कुछ पानी की चाह लेकर चढ़ाते हैं। मनुष्य जिस वस्तु को दान में नहीं देगा तो फिर कैसे पाएगा ? संसार में ऋषि मुनियों ने दान को सबसे उत्तम बताया है। बिना त्याग दान नहीं होता। त्याग भावना से जो दान दिया जाता है उसी से फल की प्राप्ति होती है। जिस प्रकार किसान तीस-चालीस मन गेहूँ की पैदावार के लिए पहले अपने खेत में पांच-छ: सेर अच्छे गेहूँ की बुवाई करता है।
प्रश्न - पानी दे, गुड़धानी दे मेघों से पानी के साथ-साथ गुड़धानी की माँग क्यों की जा रही है ?
उत्तर - बिना वर्षा के चारों ओर सूखा छा जाता। शहर की अपेक्षा गाँव की हालत खराब हो जाती है। कृषि योग्य भूमि सूखकर पत्थर हो जाती है। ज़मीन फटने लगती है। लू के कारण पशु प्यासे मरने लगते हैं। बादलों से वर्षा होकर ही सूखी भूमि फिर से ही कृषि योग्य बन जाए। फ़सलें लहलाने लगेगी। अनाज की पैदावार होगी तथा पशु भी प्यासे नहीं मरेंगे। दूध अच्छी प्रकार से देंगे। जिनसे धन्य-धान्य की प्राप्ति होगी। चारों तरफ खुशहाली फैल जाएगी। सबको खाने-पीने को भरपूर सामग्री मिलेगी। इसीलिए मेघों के साथ-साथ गुड़धानी की मांग की जा रही है।
प्रश्न - गगरी फूटी बैल पियासा इंद्र सेना के इस खेलगीत में बैलों के प्यासा रहने की बात क्यों मुखरित हुई है ?
उत्तर- गगरी फूटी बैल पियासा इंदर सेना के इस खेलगीत में बैलों के प्यासा रहने की बात इसलिए मुखरित हुई है क्योंकि बिना वर्षा के चारों तरफ सूखा पड़ जाता है। कुएँ, तालाब पानी से सूख जाते हैं। कहीं पानी का नामो निशान नहीं रहता। पीने का पानी बिल्कुल नहीं रहता। जिससे पशु-पक्षी प्यास के कारण व्याकुल होकर मरने लगते हैं।
प्रश्न - इंदर सेना सबसे पहले गंगा मैया की जय क्यों बोलती है ? नदियों का भारतीय सामाजिक सांस्कृतिक परिवेश में क्या महत्त्व है ?
उत्तर – इंदर सेना सबसे पहले गंगा मैया की जय इसलिए बोलती है क्योंकि भारतीय समाज में गंगा को पवित्र माना जाता है तथा उसकी पूजा की जाती है। बादल भी गंगा से ही पानी लेकर बरसते हैं। नदियों का भारतीय सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में अनूठा महत्त्व है। भारतीय संस्कृति में नदियों को माँ की तरह पूजा जाता है। समाज में उन्हें पवित्र माना जाता है। उसके जल को पवित्र मानकर लोग अपने घरों में जल लाकर रखते हैं तथा प्रभु के श्री चरणों में उसका अर्ध्य चढ़ाते हैं। गंगा जैसी पावन नदी में लोग स्नान करके अपने को धन्य समझते हैं और ऐसा मानते हैं कि जो कोई भी गंगा नदी में स्नान कर लेता है उसके जीवन के सब पाप मिट जाते हैं। इसी प्रकार सभी नदियों के जल को माना जाता है। नदियों के पवित्र जल में स्नान करने हेतु समय-समय पर उनके किनारों पर मेलों का आयोजन किया जाता है।
Kale Megha Pani De-EXTRA MOST IMPORTANT QUESTION ANSWERS
प्रश्न - 'काले मेघा पानी दे' संस्मरण का मूल भाव स्पष्ट कीजिए।
अथवा
'काले मेघा पानी दे' पाठ का प्रतिपाद्य दीजिए।
अथवा
‘काले मेघा पानी दे' संस्मरण के माध्यम से लेखक क्या कहना चाहते हैं ?
उत्तर – ‘काले मेघा पानी दे' संस्मरण धर्मवीर भारती द्वारा लिखित है। इसमें लेखक ने लोक आस्था और विज्ञान के द्वंद्व का सुंदर चित्रण किया है। विज्ञान का अपना तर्क है और विश्वास की अपनी सामर्थ्य। लेखक ने किशोर जीवन के इस संस्मरण में दिखलाया है कि अनावृष्टि से मुक्ति पाने के लिए गाँव के बच्चों की इंदर सेना द्वार-द्वार पानी माँगने जाती है। लेकिन लेखक का तर्कशील किशोर मन भीषण सूखे में उसे पानी की निर्मम बर्बादी समझता है। लेखक की जीजी इस कार्य को अंधविश्वास न मानकर लोक आस्था और त्याग की भावना कहती है। लेखक बार-बार अपनी जीजी के तर्कों का खंडन करता हुआ इसे पाखंड और अंधविश्वास कहता है लेकिन जीजी की संतुष्टि और अपने सद्भाव को बचाए रखने के लिए वह तमाम रीति-रिवाजों को ऊपरी तौर पर सही मानता है लेकिन अंतर्मन से उनका खंडन करता चलता है। पाठ के अंत में लेखक ने देशभक्ति का परिचय देते हुए देश में फैले भ्रष्टाचार के प्रति गहन चिंता व्यक्त की है तथा उन लोगों के प्रति कटाक्ष किया है जो आज भी पश्चिमी संस्कृति और भाषा के अधीन हैं।
प्रश्न - 'काले मेघा पानी दे' में चित्रित लोक आस्था पर टिप्पणी कीजिए।
उत्तर - भारतीय संस्कृति में लोक आस्था का महत्त्वपूर्ण योगदान है। प्रस्तुत पाठ में लेखक ने अनावृष्टि से बचने के लिए लोक आस्था का चित्रण किया है जिसमें गाँव के बच्चे वर्षा न होने पर तथा चारों ओर सूखा पड़ जाने पर एक इंदर सेना बनाकर गाँव के प्रत्येक घर में पानी मांगते फिरते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं ताकि उनकी इस प्रक्रिया से इंदर महाराज खुश होकर वर्षा ले आए। गाँव के लोग पानी की कमी होने पर भी उस इंदर सेना पर पानी डालते हैं। वे लोग इस पानी को देवताओं को अर्ध्य चढ़ाना समझते हैं। त्याग करना सोचते हैं कि अभाव में त्याग करके फल शीघ्र मिलता है यही धारणा मन में बसाकर वे ऐसा करते हैं।
प्रश्न - जेठ की गर्मी में गाँव और शहरों की दशा का वर्णन करो ।
उत्तर – जेठ मास में गाँव और शहर के लोग गर्मी के कारण परेशान होने लगते थे। कुएँ सूखने लगते थे। नलों में बहुत कम और गर्म पानी आता था। शहरों की तुलना में गाँवों की स्थिति बहुत खराब थी। कृषि योग्य भूमि सूखकर पत्थर हो जाती थी। ज़मीन फटने लगती थी। आदमी चलते-चलते लू खाकर गिर पड़ते थे। पशु-पक्षी प्यासे मरने लगे थे।
प्रश्न - लेखक ने जिस त्याग भावना को चित्रित किया है उसे स्पष्ट कीजिए।
उत्तर - लेखक ने अपने देश के प्रति देशवासियों की त्याग भावना का चित्रण किया है। उन्होंने बताया है कि आज हम भारतवासी स्वार्थी बन गए हैं हमें अपने स्वार्थों के अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। हमारी प्रत्येक क्षेत्र में मांगें तो बहुत हैं लेकिन हमारे में त्याग भावना का कहीं नामोनिशान बिल्कुल नहीं है। हर कोई अपनी मांग तो रखता है लेकिन देश के प्रति उसकी क्या जिम्मेदारी है इसको नहीं समझता।
प्रश्न - काले मेघा पानी दे में लेखक ने समाज की एक ऐसी समस्या का वर्णन किया है जो आज भारत देश की सबसे भयंकर समस्या है। वह कौन-सी समस्या है ? उसके विषय में हम कितने चिंतित हैं बताइए।
उत्तर – ‘काले मेघा पानी दे' संस्मरण में लेखक धर्मवीर भारती ने भ्रष्टाचार की भयंकर समस्या का चित्रण किया है जो आज संपूर्ण भारत की गंभीर समस्या है। यह समस्या भारतवर्ष को दीमक की तरह खा रही है। हम सब इस भयंकर समस्या के बारे में केवल बाते करते हैं लेकिन उसकी जांच कभी नहीं करते कि उसका मूल कारण क्या है ? कहीं किसी दायरे में हम ही तो उसी के अंग तो नहीं बन रहे। ऐसा कोई चिंतन नहीं करता और न ही कोई पहल करनी चाहता है। केवल अनदेखा कर छोड़ देते हैं।
0 Comments